जमशेदपुर में 33 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 16.5 लाख रुपये की खेप बरामद
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जमशेदपुर पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि सीतारामडेरा थाना पुलिस को 26 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास कुछ युवक ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप लेकर बिहार जाने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान बिहार के पटना निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 33 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसे पुलिस जांच के लिए खंगाल रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह एक अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

