राष्ट्रीय कार्यकारिणी में झारखंड की उपलब्धियों की गूंज, राजस्थान महोत्सव-2026 को मिली राष्ट्रीय सराहना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, पटना में आयोजित अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की तृतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में झारखंड प्रांत की संगठनात्मक उपलब्धियों की व्यापक सराहना हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न प्रांतों की गतिविधियों, सदस्यता विस्तार और भावी योजनाओं पर चर्चा की गई।
झारखंड प्रांत की ओर से पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महापंचायत गठन, संपत्ति संरक्षण मंडल की स्थापना, जमशेदपुर में दो नई शाखाओं के गठन, दुमका में 101 कपल सदस्य बनाने तथा सत्र 2025-27 में 1027 आजीवन सदस्यों सहित कई उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राजस्थान महोत्सव-2026 को राष्ट्रीय स्तर पर एक अनुकरणीय आयोजन माना गया।
बैठक में मुकेश मित्तल ने सदस्यता प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र और लैपल पिन समय पर उपलब्ध कराने की मांग उठाई। साथ ही पूर्ववर्ती प्रांतीय समिति द्वारा खरीदे गए प्रांतीय कार्यालय का हस्तांतरण अब तक नहीं होने का मुद्दा भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समक्ष रखा गया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने राजस्थान महोत्सव-2026 की भव्यता, सांस्कृतिक प्रस्तुति और संगठनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए इसे अन्य प्रांतों के लिए प्रेरणादायी बताया। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, वित्तीय विषयों और आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

