
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में बंद मकान की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। रोड नंबर-1 स्थित टाटा मोटर्स कर्मचारी मो. रिजवान के क्वार्टर में चोरी की यह घटना हुई। परिवार के घर से बाहर रहने के दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब मो. रिजवान अपने परिवार के साथ वापस क्वार्टर पहुंचे। घर के अंदर दाखिल होते ही सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। जांच करने पर अलमारी में रखे गहने और नकदी गायब मिले। रिजवान के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
बताया गया कि मो. रिजवान रात में अपने क्वार्टर को बंद कर परिवार के साथ मानगो स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित घर चले गए थे। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले मुख्य गेट का ताला काटा और फिर घर के अंदर घुसकर अलमारी खंगाली। खास बात यह रही कि चोर गहनों के डिब्बे घर में ही छोड़ गए, जबकि उनमें रखे आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद चोर पीछे के दरवाजे से निकल गए।
सूचना मिलने के बाद सोमवार को टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में बंद मकानों के साथ-साथ रात के समय बंद दुकानों को भी चोर निशाना बना रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है। वहीं, पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

