मानगो नगर निगम में मेयर के खिलाफ पार्षदों का असंतोष, ‘पार्षद एकता मंच’ का गठन
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की मेयर के कार्यशैली को लेकर पार्षदों में नाराजगी खुलकर सामने आई है। मेयर द्वारा पार्षदों की लगातार अनदेखी किए जाने और विकास कार्यों में उनकी बातों को महत्व नहीं दिए जाने के विरोध में मानगो के एक होटल में पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर निगम के 20 पार्षद शामिल हुए।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने अधिकारों की रक्षा, क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को गति देने तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘पार्षद एकता मंच’ का गठन किया। सर्वसम्मति से राजेश सिंह को मंच का अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही मंच की पूरी कार्यकारिणी का भी गठन कर दिया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में पार्षदों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है और विकास योजनाएं भी अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मंच का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों को तेज करना और जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराना है।
पार्षदों का आरोप है कि मेयर उनकी बातों को गंभीरता से नहीं सुनतीं, जिसके कारण उनके वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता लगातार उनसे सवाल करती है, लेकिन योजनाएं धरातल पर नहीं उतरने से वे जवाब देने की स्थिति में नहीं हैं।
पार्षदों ने बताया कि नवगठित मंच के माध्यम से नगर निगम कार्यालय जाकर लंबित विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। इस बैठक को मानगो नगर निगम की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

