पलामू पुलिस ने 1.5 करोड़ के गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का किया पर्दाफाश, ट्रक चालक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पलामू पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 320 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल (SIT) लगातार छापेमारी कर रहा है।
ऑपरेशन को लीड कर रहे आईपीएस दिव्यांश शुक्ला सह पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी हुसैनाबाद ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर जपला मार्ग के रास्ते एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में हुसैनाबाद थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की संयुक्त टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई।
देर रात गम्हरिया गांव के समीप छतरपुर मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध ट्रक UP-14 FT-6583 को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के अंदर लकड़ी से बना विशेष गुप्त तहखाना मिला, जिसमें 10 प्लास्टिक के बोरों में कुल 320 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने मौके पर ही ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की, जिसमें बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। इसके बाद पूरे माल को जब्त कर लिया गया और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए एफएसएल जांच के लिए भेजा जा रहा है। वहीं मामले में ट्रक चालक राजेश यादव (45 वर्ष), पिता शंकर यादव, निवासी मदनपुर, थाना छतरपुर, जिला पलामू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है
गांजा की यह तस्करी छत्तीसगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था। पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पूरे गिरोह का खुलासा करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा की अनुमानित अवैध बाजार कीमत करीब 1.5 करोड़ आंकी गई है।

