*कारगिल विजय दिवस रजत जयंती: जमशेदपुर में 527 अमर शहीदों को पूर्व सैनिकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
कारगिल विजय दिवस की रजत जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर की ओर से शनिवार को गोलमुरी स्थित शहीद स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के 527 अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया। समारोह में तीनों सेनाओं के सेवानिवृत्त सैनिकों, संगठन के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद के जिला महामंत्री जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा, “मैं अपनी आँखों में देशभक्ति की चमक रखता हूँ, उम्मीद जाए कि सकुशल इसलिए आवाज़ में धमक रखता हूँ।” उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने 1999 के कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को ध्वस्त किया था। उन्होंने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के प्रेरणादायी शब्द “तिरंगा लहराकर आऊंगा या तिरंगे में लिपटकर, लेकिन आऊंगा जरूर” को दोहराते हुए युवाओं से राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।
परिषद के सदस्य हवलदार बिरजू कुमार ने कहा कि संगठन सदैव वीर शहीदों और युद्ध नायकों के बलिदान पर गर्व करता रहेगा। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने टाइगर हिल पर विजय पताका फहराकर इतिहास रचा था, जिसके सम्मान में हर वर्ष पूरे देश में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।
समारोह के मुख्य अतिथि कैप्टन अमित जायसवाल ने पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने जिस अद्भुत शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि दुर्गम पहाड़ियों पर लड़ा गया यह युद्ध भारतीय सेना के साहस, रणनीति और राष्ट्रप्रेम का स्वर्णिम अध्याय है।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के प्रतिनिधियों ने सभी नागरिकों से आगामी 26 जुलाई की संध्या 5 बजे माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले ‘कारगिल दिवस वीर सम्मान समारोह’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। समारोह का धन्यवाद ज्ञापन संयोजक सत्येंद्र कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह, बिरजू कुमार, मनोज सिंह, दीपक शर्मा, जसबीर सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, शशि गौतम लाल, राजीव कुमार, रामबाबू सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विनय कुमार यादव ने की।

