मानगो में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर मेयर का फोकस, एक माह में खुलेंगे तीन नए अर्बन हेल्थ सेंटर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि सफाई और पेयजल व्यवस्था के बाद अब नगर निगम की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और जनसुलभ बनाना है। इसके तहत एक माह के भीतर तीन नए अर्बन हेल्थ सेंटर शुरू किए जाएंगे।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में संचालित 11 अर्बन हेल्थ सेंटरों को अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने सभी केंद्रों में नियमित साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, बुजुर्गों के स्वास्थ्य जांच शिविर तथा एंटी रैबीज और स्नेक बाइट की दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। “स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो और समृद्ध मानगो” के संकल्प के साथ नगर निगम बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम करेगा।

