धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय जुलूस, छात्रों के संघर्ष की जीत बताया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को साकची से डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक विजय जुलूस निकाला। जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह देशभर के छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन केवल इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों को कड़ी सजा, छात्र आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रकरण में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देने की भी मांग उठाई।
इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के संदेश का भी उल्लेख किया और आंदोलन को छात्रों के हितों की लड़ाई बताया। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

