गिरिडीह 17.39 करोड़ की 119 विकास योजनाओं का शिलान्यास, मंत्री सुदिव्य कुमार ने संवेदकों को दी चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवादाता
गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा, कम दर पर टेंडर लेने वाले संवेदकों के कार्यों पर रखी जाएगी विशेष नजर
शहर के नगर निगम कार्यालय परिसर में सोमवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 119 विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया गया। इस दौरान महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, गिरिडीह उपायुक्त, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड पार्षद एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से शहर की सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।
मंत्री ने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कम दर पर टेंडर हासिल करने वाले संवेदकों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 27 प्रतिशत या उससे अधिक कम दर पर टेंडर लेने वाले संवेदकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो सके।
इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से गिरिडीह नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने नागरिकों से धैर्य एवं सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम बोर्ड का गठन कुछ माह पूर्व ही हुआ है और जनप्रतिनिधि अभी कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझने एवं व्यवस्थित करने में जुटे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में शहर में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने विकास योजनाओं के शिलान्यास का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित बुनियादी समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।
नगर निगम परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम विकास योजनाओं के साथ-साथ गुणवत्ता और जवाबदेही को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं का भी संदेश देता नजर आया।
सुदिब्य कुमार सोनू, मंत्री झारखण्ड सरकार

