सरयू राय के हस्तक्षेप के बाद एमजीएम के होमगार्ड जवानों का पांच माह का बकाया वेतन कल होगा जारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों का पिछले पांच माह से लंबित वेतन सोमवार को जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बकाया भुगतान के लिए राशि आवंटित कर दी है और धनराशि एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक के खाते में भेज दी गई है।
सरयू राय ने कहा कि वेतन नहीं मिलने से होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया था। उन्होंने बताया कि एक महिला होमगार्ड ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था, जिसे समय रहते बचा लिया गया।
विधायक ने बताया कि एमजीएम अस्पताल के दौरे के दौरान जवानों ने अपनी समस्या बताई थी, जिसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से फोन पर बात कर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि दो दिनों के भीतर भुगतान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
सरयू राय ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने वेतन शीघ्र जारी कराने का आश्वासन दिया था और अब राशि उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने वादा पूरा करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे सैकड़ों होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

