3000 सीएफटी अवैध बालू जब्त, मुखिया को सौंपा गया जिम्मेनामा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
*बहरागोड़ा।* अवैध बालू कारोबार पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। बहरागोड़ा प्रखंड के खुदपुटली मौजा में छापेमारी कर लगभग 3000 सीएफटी अवैध बालू जब्त किया गया।
जिला खन इंस्पेक्टर अरविंद उरांव और अभिजीत मजूमदार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान अंचल अधिकारी राजा राम सिंह मुंडा और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद थे। प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त बालू को स्थानीय मुखिया पुरुषोत्तम सिंह मुंडा के जिम्मेनामा पर सौंप दिया।
सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ समय से गोहालडीह, मधुआबेड़ा और खुदपुटली की सरकारी जमीनों पर माफियाओं ने अवैध डंपिंग जोन बना रखा था। प्रशासन की सख्ती के डर से माफिया रात में स्टॉक को खपाने की फिराक में थे और पुलिस की गतिविधियों पर भी नजर रख रहे थे।
इसी को भांपते हुए प्रशासन ने पहले से ही सभी प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती कर दी थी। आज की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने अवैध भंडारण के मुख्य सूत्रधारों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

