एमजीएम अस्पताल में मरीज को बेड नहीं मिलने की शिकायत, मानवाधिकार सहयोग संघ के हस्तक्षेप के बाद मिला उपचार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानवाधिकार सहयोग संघ भारत, जमशेदपुर जिला के प्रभारी अंसार खान शुक्रवार रात एमजीएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि कदमा भाटिया बस्ती, अशोक पथ निवासी सीमा जायसवाल का फोन आया था। सीमा जायसवाल ने बताया कि उन्होंने अपने पति राजकुमार जायसवाल को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है, लेकिन उन्हें बेड नहीं दिया जा रहा था और अस्पताल का स्टाफ भी सहयोग नहीं कर रहा था।
सूचना मिलने पर अंसार खान तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डॉ. मंजेश दुराई से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उस समय उनकी ड्यूटी समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद अंसार खान ने ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ से बातचीत कर मरीज के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का आग्रह किया।
इसके बाद राजकुमार जायसवाल का इलाज शुरू किया गया। उन्हें बेड उपलब्ध कराया गया तथा सलाइन (पानी) और आवश्यक इंजेक्शन दिए गए।
अंसार खान ने कहा कि मरीज के बेहतर उपचार को सुनिश्चित करने के लिए वह शनिवार सुबह डॉ. मंजेश दुराई से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएंगे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से गंभीर मरीजों को समय पर बेड और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की।

