बार-पब की 24 घंटे में जांच करें, अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई: एडीजी मनोज कौशिक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच और जिले की विधि-व्यवस्था को लेकर बीती रात जमशेदपुर एसपी कार्यालय में एडीजी मनोज कौशिक और डीआईजी ने पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों जिलों के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित रहे।
बैठक में एडीजी मनोज कौशिक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में संचालित सभी बार एवं पब की 24 घंटे के भीतर जांच कर रिपोर्ट संबंधित एसडीओ को सौंपें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में एडीजी ने बताया कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच होगी तथा उनके बैंक खातों में आए धन के स्रोत की भी गहन पड़ताल की जाएगी।
एडीजी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल मॉनिटरिंग की जाएगी, सूचना का पंजीकरण होगा और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

