जमशेदपुर में निकली प्राइड वॉक, समानता, सम्मान और समावेशिता का दिया संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्राइड मंथ के अवसर पर “जमशेदपुर प्राइड जलसा 2026” के तहत शहर में प्राइड वॉक का आयोजन किया गया। जमशेदपुर क्वियर सर्किल, पीपल फॉर चेंज, आधार सेवा संस्थान एवं कला मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य LGBTQIA+ समुदाय के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक स्वीकृति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की गवर्नर-इलेक्ट अनु नारंग ने साकची स्थित सुपर सेंटर से जुबिली पार्क गेट संख्या-2 तक आयोजित प्राइड वॉक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान LGBTQIA+ समुदाय के सदस्यों, उनके समर्थकों, विद्यार्थियों, परिवारों, किन्नर समुदाय तथा रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के सदस्यों सहित 100 से अधिक लोगों ने रंग-बिरंगे झंडों और जागरूकता संदेशों के साथ भागीदारी की।
कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर पर्सन्स (संशोधन) विधेयक, 2026 पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने व्यापक परामर्श की आवश्यकता पर बल देते हुए संवाद, एकता और समावेशिता को बढ़ावा देने की अपील की।
इस अवसर पर सहायक गवर्नर नीता अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट चेयर अल्पा पारिख, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के अध्यक्ष अशोक झा, प्रेसिडेंट-इलेक्ट गुरप्रीत भाटिया, सेक्रेटरी-इलेक्ट ऋषि चंद्रानी, सीमा तिवारी तथा जमशेदपुर क्वियर सर्किल के संस्थापक सौविक साहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और अपनी पहचान के साथ गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है तथा कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी संस्थानों और मीडिया का आभार व्यक्त किया।

