बढ़ते अपराधों पर युवा कांग्रेस ने नगर एसपी को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला उपाध्यक्ष मंगलदेव सिंह उर्फ सन्नी सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आरक्षी अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित मीणा से मुलाकात कर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टूपुर स्थित डबल डाउन परिसर में हुई हालिया चाकूबाजी की घटना में शामिल आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही देर रात तक संचालित होने वाले बियर बारों के संचालन समय को निर्धारित करने, नियमित प्रशासनिक निगरानी बढ़ाने तथा जुगसलाई स्टेशन मार्ग के आसपास कथित अवैध गतिविधियों पर विशेष अभियान चलाने की मांग उठाई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ते अपराधों से आम नागरिक, महिलाएं, छात्र-छात्राएं और व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाकर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि शहर में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम हो सके।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव सामंता कुमार, राजीव मिश्रा, अमित श्रीवास्तव, संजय सिंह, सन्नी अनुराग, सचिन अनुराग, मुन्ना मिश्रा, अरुण ठाकुर, कुलदीप सिंह, कुणाल सिंह, प्रेम कुमार एवं अनुकांत पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

