नीट पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जिलाध्यक्ष नवनीत मिश्रा के नेतृत्व में केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और नीट पेपर लीक मामले के विरोध में मशाल जुलूस एवं पदयात्रा निकाली। भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बिरसा मुंडा स्मारक से साकची गोलचक्कर तक निकाले गए मशाल जुलूस में युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
प्रदर्शन में सन्नी सिंह, विकास मुखी, रोहित पाल, भोला यादव, रवि रंजन कुमार, शेख साजिद, सुदामा मुखी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने चेतावनी दी कि छात्रों के मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

