अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य विरोधी दिवस पर असंगठित मजदूरों को किया गया जागरूक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मानगो चौक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से असंगठित मजदूरों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम नालसा एवं झालसा के निर्देश तथा डालसा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
अभियान के दौरान पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय तिवारी एवं मनोज महतो ने नशे के दुष्प्रभाव, मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थों का अवैध उत्पादन, बिक्री, परिवहन, भंडारण और सेवन कानूनन अपराध है, जिसके लिए कठोर सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में उपस्थित मजदूरों ने “नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत” सहित विभिन्न जागरूकता नारों के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी पीएलवी के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

