लोयाबाद हिंसा मामले में कार्रवाई के विरोध में आजसू का आक्रोश मार्च, सुदेश महतो समेत हजारों कार्यकर्ता सड़क पर उतरे
राष्ट्र संवाद संवादाता
चंद्रप्रकाश चौधरी ने सरकार पर साधा निशाना.
कहा- राज्य में भ्रष्टाचार, लूट और बेरोजगारी चरम पर
जनता के हक के लिए जारी रहेगा संघर्ष
लोयाबाद में हुई हिंसक झड़प और उसके बाद आजसू कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सोमवार को धनबाद में आजसू पार्टी ने आक्रोश रैली निकाली। रैली में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यह रैली धनबाद के शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम यानी गोल्फ ग्राउंड से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक, पुलिस लाइन होते हुए कोयला नगर स्थित नेहरू कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां रैली सभा में बदल गई।
आक्रोश मार्च के दौरान आजसू नेताओं ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने लोयाबाद मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए और इसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई बताया।
सभा को संबोधित करते हुए गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में बालू, लोहा और कोयला समेत कई क्षेत्रों में लूट और भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रखंड कार्यालयों में भी आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के तीन साल पूरे होने के बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और मजबूरी में लोग पलायन कर रहे हैं।
चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि आजसू पार्टी अपने स्थापना दिवस के अवसर पर संकल्प ले रही है कि आम लोगों के हक और अधिकार के लिए सरकार और माफिया के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और पलायन रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
Byte:- चंद्रप्रकाश चौधरी – सांसद, गिरिडीह।
V/O-Final:- फिलहाल आजसू के इस आक्रोश मार्च के जरिए पार्टी ने सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। वहीं लोयाबाद मामले को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन तेज करने का भी संकेत दिया है।

