मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात बस की तलाश में जुटी पुलिस
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत संकोसाई रोड नंबर-4 निवासी सुदर्शन शर्मा (लगभग 80 वर्ष) की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सुदर्शन शर्मा रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान डिमना से मानगो की ओर आ रही एक अज्ञात बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुई अज्ञात बस की पहचान और चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

