राष्ट्र संवाद संवाददाता
अखिल विश्व गायत्री परिवार ट्रस्ट सरायकेला की ओर से वंदनीय माताजी भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गम्हरिया प्रखंड के कुलडीह ग्राम में पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ सह दीप यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजनगर प्रखंड समन्वयक पिंटू राउत के नेतृत्व में किया गया। इस महायज्ञ में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान सुषमा दीदी एवं उनकी टोली द्वारा समस्त यज्ञीय अनुष्ठानों का विधिवत संचालन किया गया। यज्ञ के दौरान गायत्री मंत्र एवं वैदिक संस्कारों के माध्यम से नैतिकता, संस्कार एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश दिया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक जागरण एवं सद्भावना का प्रसार करना है। इस मौके पर संध्या में उपस्थिति में दीप यज्ञ का आयोजन भी किया गया। इस दौरान दीपों की पावन ज्योति से वातावरण भक्तिमय हो उठा। उपस्थित परिजनों एवं ग्रामीणों ने दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्र की उन्नति, विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण एवं मानव कल्याण की प्रार्थना की। यज्ञ की पूर्णाहुति एवं समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रज्ञा अभियान का वितरण किया गया। इसके सफल आयोजन में गायत्री परिवार के पिंटू राउत, राज नारायण महतो, चिंता देवी, सीमा देवी, वेदना देवी, सुजाता देवी, अनुरुध्वज महतो, लखमणि महतो, जितेन महतो, सत्यनारायण बर्नवाल, सुनीता बर्नवाल, संगीता दीदी, अशोक साहू, सुनयना देवी, नेहा देवी, प्रतिमा देवी, फूलमती देवी, दिनेश सिंह आदि का सराहनीय योगदान रहा।

