राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड में करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहली घटना डुमरिया प्रखंड के बहादुरपुर गांव की है। यहां 18 वर्षीय सौरवी सरदार अपने घर में जमीन पर सो रही थी, तभी जहरीले सांप ने उसके गले और बाएं हाथ की उंगली में डंस लिया। दो जगह काटने के कारण जहर तेजी से पूरे शरीर में फैल गया। परिजन उसे तत्काल डुमरिया सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से उसे एमजीएम अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया और शव को सीधे गांव ले गए।
दूसरी घटना बेसारपहाड़ी गांव की है, जहां 28 वर्षीय मिनी महाकुड घर में जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसके बाएं हाथ में डंस लिया। परिजन उसे डुमरिया सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़कर एक बोतल में बंद कर लिया और महिला के साथ उसे भी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार, जहर तेजी से शरीर में फैलने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
गर्मी और बरसात के मौसम में सांप के काटने की घटनाओं में वृद्धि देखी जाती है। ग्रामीण इलाकों में जमीन पर सोने के कारण ऐसे हादसे अधिक होते हैं। पूर्वी सिंहभूम समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में करैत सांप बड़ी संख्या में पाए जाते हैं और इनके डंसने से हर वर्ष कई लोगों की मौत होती है।

