पटमदा में फोटो वॉक का सफल आयोजन, निकॉन इंडिया के विशेषज्ञों ने साझा किए फोटोग्राफी के गुर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 13 जून:फोटोग्राफी कला को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर एवं निकॉन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में पटमदा के प्राकृतिक परिवेश में भव्य ‘फोटो वॉक’ एवं फोटोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पेशेवर फोटोग्राफरों और फोटोग्राफी प्रेमियों ने भाग लिया। पटमदा की हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य और ग्रामीण परिवेश ने प्रतिभागियों को नेचर, लैंडस्केप और पोर्ट्रेट फोटोग्राफी के बेहतरीन अवसर प्रदान किए।
कार्यशाला में निकॉन इंडिया के विशेषज्ञ मेंटर जय कुमार ने आधुनिक कैमरा सेटिंग्स, एक्सपोज़र संतुलन, प्राकृतिक रोशनी के प्रभावी उपयोग, लेंस चयन और रचनात्मक फ्रेमिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को निकॉन के नवीनतम कैमरों और उपकरणों का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया।
फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष आनंद सिंह, उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, महासचिव दलजीत सिंह, पूर्व महासचिव यश प्रजापति, कोषाध्यक्ष शिव शंकर गोराई, सह-कोषाध्यक्ष विनय कुमार सहित पूरी टीम ने आयोजन की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम स्थानीय कलाकारों और उभरते फोटोग्राफरों के लिए सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण मंच साबित होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक और रचनात्मक आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया। निकॉन इंडिया की टीम ने भी जमशेदपुर के फोटोग्राफरों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना की।

