मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, बोले- हर वर्ग के उत्थान के लिए हुए ऐतिहासिक काम
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गुरुवार को जमशेदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ बीते 12 वर्षों में समाज के हर वर्ग के विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
आदित्य साहू ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिला है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिली है। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों को सशक्त बनाने का काम किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाने का प्रयास किया गया है। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और हर घर जल योजना ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में अहम भूमिका निभाई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया गया है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों और विकासोन्मुखी योजनाओं के कारण भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी सरकार जनता के कल्याण और देश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करती रहेगी।

