दक्षिण पचुवारा कोल ब्लॉक के विरोध में दुमका में धरना, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवादाता
दुमका में आज आदिवासी अधिकार मंच और झारखंड राज्य किसान सभा के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने दक्षिण पचुवारा कोल ब्लॉक परियोजना के विरोध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन की रक्षा की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों का आरोप है कि कुण्डापहाड़ी, चिरूडीह, मोहलडाबर समेत कई गांवों में ग्राम सभा की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण और सर्वे की प्रक्रिया चलाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने इसे संविधान और आदिवासी अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने प्रशासन को सात सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए अवैध सर्वे रोकने, वैधानिक ग्राम सभा आयोजित करने, लंबित वन पट्टा दावों का निपटारा करने और आदिवासियों पर हो रहे कथित उत्पीड़न को बंद करने की मांग की।
साथ ही प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

