भक्ति और श्रद्धा के माहौल में संपन्न हुआ पहाड़ी माता पूजा महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाभोग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती पहाड़ी माता पूजा समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय पहाड़ी माता पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समिति के अध्यक्ष दुर्गा राव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय, शिव शंकर सिंह, जम्मू अखाड़ा के संरक्षक बंटी सिंह, विधायक प्रतिनिधि अमित शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जदयू के बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
महोत्सव के दौरान दोपहर 12 बजे से रात्रि 12 बजे तक महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 8 से 10 हजार श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण किया गया। दोपहर में माता रानी के भजनों की प्रस्तुति हुई, जबकि शाम को रायपुर से आई आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
पूजा-अर्चना का विधिवत संचालन के. कुमार राव द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष दुर्गा राव, संरक्षक हरपाल सिंह एवं समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्रद्धालुओं ने आयोजन की भव्यता और व्यवस्था की सराहना करते हुए माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की।

