शारीरिक फिटनेस और स्वच्छता अभियान में मिसाल बना खैरासोल थाना
राष्ट्र संवाद सं
बीरभूम : जिले के खैरासोल थाना परिसर में रविवार सुबह थाना प्रभारी (ओसी) उत्पल कुमार दास के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों और सिविक वॉलंटियर्स के लिए विशेष फिटनेस एवं व्यायाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और कार्यक्षमता में सुधार लाना था। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न व्यायाम और फिटनेस गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
व्यायाम सत्र के बाद थाना परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों और सिविक वॉलंटियर्स ने झाड़ू, बेलचा और अन्य उपकरणों की सहायता से कचरा, झाड़-झंखाड़ तथा गंदगी साफ की। स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव किया गया।
इस अभियान की खास बात यह रही कि ओसी उत्पल कुमार दास स्वयं झाड़ू लेकर सफाई कार्य में शामिल हुए। कार्यक्रम में एसआई शांतनु मंडल, एएसआई चिन्मय चट्टोपाध्याय सहित अन्य अधिकारी तथा समाजसेवी भी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

