मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 को लेकर बीएलओ व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के सफल संचालन को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल में बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने निर्वाचन कार्यों को समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ व पर्यवेक्षक शामिल हुए। उन्हें घर-घर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के संकलन, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटि संशोधन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। बीएलओ को मतदान केंद्र क्षेत्रों का भ्रमण, नजरी नक्शों का आवश्यक संशोधन तथा अनमैप्ड वोटर सूची की एक प्रति मतदान केंद्र पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण में मास्टर प्रशिक्षकों ने पुनरीक्षण प्रक्रिया, प्रपत्रों के उपयोग और डेटा संधारण से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

