पर्यावरण सप्ताह के तहत आदित्य इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में 50 फलदार पौधों का वितरण
राष्ट्र संवाद संवादाता
पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण सप्ताह के अंतर्गत आदित्य इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जमशेदपुर द्वारा 50 फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर संस्थान के छात्रों के बीच अमरूद, लीची, जामुन और आम के पौधे वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. बी. कुमार एवं उपनिदेशक सुजय कुमार के मार्गदर्शन और देखरेख में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत संस्थान के छात्रों को भी फलदार पौधे प्रदान किए गए। इनमें सती ऑटो कॉम्पोनेंट, जेनिथ फोर्ज, जीएस ऑटो और किआ मोटर्स में कार्यरत छात्र शामिल थे।
कार्यक्रम में देवेंद्र महतो, आदित्य कुमार, अभिषेक नायक और अमरदीप सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
संस्थान प्रबंधन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ संस्थान द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

