12 घंटे के भीतर चोरी कांड का उद्भेदन, आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
पाकुड़ के महेशपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नकद राशि, मोबाइल फोन तथा चोरी गए चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार 3 जून 2026 को महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियाडीह गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महेशपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बीरभूम (पश्चिम बंगाल) निवासी अलाउद्दीन शेख चोरी की घटना में शामिल है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से नकद 4 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का एक मोबाइल फोन, चांदी का बाला, चांदी की टीका तथा कुल 16,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है।पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने महेशपुर पुलिस की सराहना की है।

