ग्रामीण महिलाओं की शक्ति को मिलेगा सम्मान, आम महोत्सव बिक्री-सह-प्रदर्शनी मेले का प्रचार वाहन खाना
राष्ट्र संवाद संवादाता
बिरसा हरित ग्राम योजना (मनरेगा) के अंतर्गत आयोजित होने वाले एकदिवसीय आम महोत्सव बिक्री-सह-प्रदर्शनी मेले के प्रचार-प्रसार के लिए समाहरणालय परिसर से एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने ग्रामीण महिलाओं द्वारा संचालित आम उत्पादन एवं विपणन गतिविधियों को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहराया।
जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण महिला समूहों और किसानों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। मेले में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित विभिन्न किस्मों के आम, विशेष रूप से अम्रपाली आम, आकर्षण का केंद्र होंगे।
प्रचार वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आम महोत्सव की जानकारी पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग मेले में शामिल होकर ग्रामीण उत्पादों का समर्थन कर सकें। प्रशासन का मानना है कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम का आयोजन पलाश के सहयोग से किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से मेले में भाग लेकर स्थानीय किसानों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

