पटमदा में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर चुलाई शराब जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार (3 जून 2026) को पटमदा थाना क्षेत्र के बुढीगोडा और आमदापहाड़ी गांव में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने करीब 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। साथ ही शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले लगभग 1400 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग की टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध भट्ठियों का संचालन करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि विभाग ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

