जमशेदपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, झारखंड सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सेठ ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति, शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और कई विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं।
संजय सेठ ने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह कार्य करती है और कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा खड़ी रहती है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगामी झारखंड दौरे को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा।
राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता के नाम की घोषणा करेगी। वहीं, दिल्ली के मालवीय नगर हादसे पर दुख जताते हुए उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

