जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं 65 से अधिक फरियादियों की समस्याएं
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए 65 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बिजली बिल, नया बिजली कनेक्शन, भू-अर्जन मुआवजा, अंबेडकर आवास, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, कल्याण छात्रवृत्ति, भूमि विवाद, विधवा पेंशन, जर्जर विद्यालय भवन, फसल बीमा तथा मईया सम्मान योजना सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदन अग्रसारित किया तथा एक सप्ताह के भीतर निष्पादन कर कार्यालय को अवगत कराने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
जनता दरबार में बिजली से संबंधित शिकायतों की संख्या अधिक रही। इस पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को सभी मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े उत्पीड़न, संपत्ति विवाद और बंटवारे के मामलों को अनुमंडल पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और नियमानुसार कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

