15 साल के कार्यकाल पर कुणाल सारंगी का सवाल, सांसद विद्युत वरण महतो से मांगा विकास का हिसाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल सारंगी ने सांसद विद्युत वरण महतो पर तीखा हमला बोलते हुए उनके 15 वर्षों के संसदीय कार्यकाल को लेकर सवाल उठाए हैं। सारंगी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक तस्वीर साझा करते हुए सांसद से विकास कार्यों का हिसाब मांगा है।
सोशल मीडिया पोस्ट में कुणाल सारंगी ने लिखा कि तीन बार सांसद चुने जाने और 15 वर्षों तक प्रतिनिधित्व करने के बावजूद जमशेदपुर आज भी अपने कई बुनियादी सवालों के जवाब तलाश रहा है। उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट, एम्स जमशेदपुर, बागबेड़ा जलापूर्ति योजना, सुवर्णरेखा परियोजना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार जैसे मुद्दे हर चुनाव में उठाए गए, लेकिन इन पर अपेक्षित प्रगति नहीं दिखी।
सारंगी ने कहा कि जनता ने सांसद को भरोसा दिया, समर्थन दिया और संसद तक पहुंचाया। ऐसे में जनता को यह पूछने का अधिकार है कि विकास के बड़े-बड़े वादों का परिणाम आखिर क्या रहा। उन्होंने सवाल किया कि जमशेदपुर के लोगों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस परिणाम चाहिए।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “भाषण बहुत हुए, अब जवाब चाहिए।” इसके साथ ही उन्होंने सांसद विद्युत वरण महतो से विकास कार्यों का सार्वजनिक लेखा-जोखा देने की मांग की।
कुणाल सारंगी की इस टिप्पणी के बाद जिले की राजनीति में एक बार फिर विकास और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस संबंध में सांसद विद्युत वरण महतो की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

