जनाक्रोश के बीच लोकप्रियता का ढोंग करना मंगल कालिंदी की फितरत बन गई है : अप्पू तिवारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के गदरा सड़क पर महिलाओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को क्षेत्रीय विधायक मंगल कालिंदी की विफलता और जनसमस्याओं के प्रति उनकी उदासीनता का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया है।
श्री तिवारी ने कहा कि जिस सड़क की बदहाली से आम जनता, विशेषकर महिलाएं, प्रतिदिन परेशान हैं, उस सड़क पर महिलाओं को आंदोलन और प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह स्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि विधायक अपने दायित्वों के निर्वहन में पूरी तरह असफल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि विधायक केवल लोकप्रियता का दिखावा करने और प्रचार-प्रसार में व्यस्त हैं। जनाक्रोश के बीच लोकप्रियता का ढोंग करना मंगल कालिंदी की फितरत बन गई है। यदि क्षेत्र में विकास कार्य हुए होते तो महिलाओं को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
अप्पू तिवारी ने कहा कि गदरा सड़क की दुर्दशा केवल एक सड़क की समस्या नहीं है, बल्कि यह जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास के खोखले दावों की पोल खोलती है।
उन्होंने मांग की कि संबंधित सड़क का अविलंब निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाए तथा क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।

