सुंदरकांड मंदिर समिति ने 20 मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नवापारा-राजिम। श्री दक्षिण मुखी सुंदरकांड मंदिर समिति, नवापारा द्वारा आयोजित नगर स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगर के 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सरकारी अस्पताल के पास आयोजित समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समिति के शेखर सुमन देवांगन ने बताया कि विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन लेखिका एवं कवयित्री सरोज कंसारी ने किया।
मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण में योगदान का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समिति के द्रोणसिंह ठाकुर ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में महेश तंबोली ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

