टीएमएच के सामने दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा घायल, इलाज में देरी का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के सामने सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जुगसलाई पी.बी. रोड स्थित मस्जिद गली निवासी मो. हूपाम अख्तर के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मो. हूपाम अख्तर अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी टाटा स्टील फायर ब्रिगेड के एक वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के समय युवक हेलमेट पहने हुए था, लेकिन वाहन के पिछले पहिए की चपेट में आने से उसे गंभीर चोटें लगीं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसास्थल के पास ही टीएमएच और बिष्टुपुर थाना होने के बावजूद घायल युवक को तत्काल सहायता नहीं मिल सकी। लोगों ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य में देरी होने की बात कही जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घायल युवक करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया। हालांकि तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

