उधारी और रंगदारी विवाद में फायरिंग, जनरल स्टोर संचालक को धमकाने का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में रविवार शाम उधारी और कथित रंगदारी को लेकर हुए विवाद के बाद हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने एक जनरल स्टोर संचालक को धमकाने के लिए दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, हबीब नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे थे। दोनों ने दुकानदार से करीब पांच हजार रुपये की उधारी और रंगदारी की मांग की। दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अपनी दुकान का शटर बंद कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गोली दुकान के सामने बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली पास के इलाके में दागी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना शाम करीब 7:45 बजे की है। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दोनों युवक पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ क्षेत्र में कई शिकायतें चर्चा का विषय रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।

