आनंद मार्ग ने अरिजीत सरकार एवं उनकी टीम को किया ‘रक्त वीर सम्मान’ से सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मिलानी हॉल में आयोजित प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के सम्मान समारोह में आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम की ओर से अरिजीत सरकार एवं उनकी टीम को ‘रक्त वीर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ संन्यासी आचार्य मानवमित्र आनंद अवधूत एवं आचार्य प्रभद्रानंद अवधूत ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अरिजीत सरकार की टीम रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन कर समाजसेवा का उल्लेखनीय कार्य कर रही है। इसी योगदान के लिए टीम को सम्मानित किया गया।
आनंद मार्ग के प्रचारक सुनील आनंद ने कहा कि निस्वार्थ भाव से रक्तदान शिविर आयोजित करने वाले और रक्तदान करने वाले लोग मानवता की सच्ची सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान के साथ आध्यात्मिक भावना जुड़ने से मन और शरीर दोनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि यह सम्मान पूर्व में 1 मई को आनंद मार्ग जागृति में प्रदान किया जाना था, लेकिन मेगा रक्तदान शिविर में व्यस्तता के कारण टीम उपस्थित नहीं हो सकी थी। इसलिए आज प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन के मंच से उन्हें सम्मानित किया गया।

