विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता अभियान, नशामुक्त भारत का दिलाया संकल्प : गायत्री परिवार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के नवयुगदल युवा प्रकोष्ठ द्वारा शनिवार को स्थानीय ट्रांसपोर्ट ग्राउंड, एग्रिको में प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक तंबाकू एवं नशामुक्ति के समर्थन में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से उपस्थित लोगों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। इस दौरान एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर पहुंचे युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा भविष्य में कभी नशा नहीं करने का संकल्प लिया।
इसके अलावा संध्या 5 बजे से गायत्री परिवार की मानगो शाखा द्वारा मानगो-डिमना रोड क्षेत्र में नशामुक्ति रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं ने आमजन से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
रैली का समापन दीप महायज्ञ के साथ हुआ, जिसमें समाज को नशामुक्त बनाने एवं जनजागरण के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नवयुगदल के सदस्यों के साथ-साथ प्रज्ञा महिला मंडल, मानगो की बहनों का सराहनीय योगदान रहा।

