बंद घरों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 15 लाख के जेवरात व नकदी बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में 26/27 मई 2026 की रात बंद घर का ताला काटकर चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं चांदी के आभूषण, नगद 58,130 रुपये, ताला काटने में प्रयुक्त मशीन तथा अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने बिष्टुपुर, सीतारामडेरा, बागबेड़ा एवं टेल्को थाना क्षेत्रों में बंद घरों को निशाना बनाकर ताला काटकर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से चोरी की वारदातों में सक्रिय था। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

