ईद अल-अजहा को लेकर कुंडहित व बागडेहरी में निकाला गया फ्लैग मार्च
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: ईद अल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को कुंडहित एवं बागडेहरी थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार तथा बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार ने किया।
कुंडहित थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर पूरे बाजार क्षेत्र होते हुए महेशपुर तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। वहीं बागडेहरी थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च बाजार क्षेत्र एवं मुस्लिम बहुल गांवों में भ्रमण करते हुए निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। अधिकारियों ने कहा कि ईद पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। साथ ही लोगों से कुर्बानी के बाद साफ-सफाई बनाए रखने एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
मौके पर केंद्रीय शांति समिति के सदस्य भजहरी मंडल, पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं अन्य प्रशासनिक कर्मी उपस्थित थे।

