राष्ट्र संवाद संवाददाता
सिंहभूम कॉलेज चांडिल में गुरुवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की ओर से गृह विज्ञान एवं समाजशास्त्र विभाग हटाने तथा वाणिज्य विषय के एक शिक्षक पद समाप्त करने के विरोध में अधिसूचना की प्रति जलाकर प्रदर्शन किया गया।
छात्र संगठन के कॉलेज कमेटी सचिव राजा प्रामाणिक ने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल अनुमंडल क्षेत्र का एकमात्र अंगीभूत डिग्री कॉलेज है, जहां दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई करने आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत जारी क्लस्टर व्यवस्था में कॉलेज से गृह विज्ञान और समाजशास्त्र विषय की पढ़ाई हटाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही वाणिज्य विभाग में शिक्षक के एक पद को भी समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि गृह विज्ञान विषय में करीब 1000 से 1500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वहीं वाणिज्य विषय में स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई होती है, इसके बावजूद शिक्षक पद समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संथाली विषय में पर्याप्त छात्र संख्या होने के बावजूद अब तक शिक्षक का पद सृजित नहीं किया गया है।
चेतावनी दी कि यदि संबंधित विषयों और पदों को यथावत नहीं रखा गया तो छात्र संगठन आंदोलन तेज करने को बाध्य होगा।
मौके पर अनीता, अफ्सा परवीन, रोहित प्रामाणिक, आशा समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

