जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की बैठक में डिजिटल सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (DeGS) की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईआरएडी, कॉमन सर्विस सेंटर, झारसेवा, यूआईडीएआई, डिजिटल पंचायत, संचार मीनार तथा जनगणना 2027 सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के प्रज्ञा केंद्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए बताया गया कि कुल 1757 प्रज्ञा केंद्रों में 1227 सक्रिय हैं, जबकि 530 केंद्र निष्क्रिय हैं। उन्होंने निष्क्रिय केंद्रों को जल्द सक्रिय करने का निर्देश देते हुए इच्छुक लोगों को केंद्र संचालन की जिम्मेदारी देने की बात कही। साथ ही सभी सीएससी केंद्रों में उपलब्ध सेवाओं एवं निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डिजिटल पंचायत अभियान की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने शेष पंचायतों को भी शीघ्र डिजिटल पंचायत से जोड़ने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि झारसेवा पोर्टल पर प्रमाण पत्र निर्गमन के मामले में जामताड़ा जिला राज्य में शीर्ष स्थान पर है।
इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, साइबर क्लब संचालन, डिजिटल लाइब्रेरी को सक्रिय करने तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

