तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक में योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने का निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में तकनीकी विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआरईपी, विशेष प्रमंडल, पथ निर्माण, लघु सिंचाई, भवन प्रमंडल, पीएचईडी, ग्रामीण कार्य विभाग तथा जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात से पहले चेकडैम, पुल एवं पुलिया निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य एकरारनामा के अनुसार गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
बैठक में पुरानी योजनाओं की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही योजनाओं का भौतिक निरीक्षण कराने की बात कही गई, जिसमें प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी शामिल रहेंगे।
भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए उपायुक्त ने पेयजल समस्याओं को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 1340 खराब नलकूपों की मरम्मत की जा चुकी है, जबकि शेष नलकूपों को भी तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है।

