जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक में बच्चों के आधार पंजीकरण पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित आधार पंजीकरण केंद्रों, आधार अपडेशन, आयुष्मान कार्ड तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने 0-5 आयु वर्ग के बच्चों के आधार पंजीकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों का समय पर आधार नहीं बनने से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी होती है। बीआरसी स्तर पर चयनित एजेंसी की कार्यप्रणाली और शून्य प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित प्रतिनिधि को फटकार लगाई गई। साथ ही एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छूटे हुए सभी बच्चों का आधार पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। इसके अलावा लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन और जिले के सभी आधार केंद्रों को पूरी तरह क्रियाशील बनाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में आधार से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

