किसानों के मुद्दे पर भाजपा का पटमदा प्रखंड कार्यालय पर धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में जुगसलाई विधानसभा अंतर्गत पटमदा प्रखंड कार्यालय के समक्ष बुधवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एकदिवसीय धरना दिया गया। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित धरना में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई गई।
धरना के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान समर्थन मूल्य, बकाया भुगतान, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को मुआवजा, मुफ्त बिजली, कोल्ड स्टोरेज और सिंचाई व्यवस्था विकसित करने सहित कई मांगें रखी गईं।
पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने हेमंत सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी घोषणाएं पूरी नहीं की गईं और किसान बदहाल हैं। वहीं, पूर्व सांसद आभा महतो ने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की। पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने सरकार पर किसानों को ठगने का आरोप लगाया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि सरकार किसानों को खाद, बीज और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी। धरना में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

