राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के पुरानी सरजमदा स्थित शीतला नगर में हरि कीर्तन के समापन के दौरान मारपीट की घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि स्थानीय युवक रामेश्वर बादुक ने एक 15 वर्षीय नाबालिग पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। घायल किशोर को इलाज के लिए खासमहल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने परसुडीह पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस आरोपी को पकड़कर ले गई, लेकिन कुछ दूरी पर छोड़ दिया। इससे बस्तीवासियों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
झामुमो नेता संतोष ओझा ने आरोप लगाया कि हरि कीर्तन के समापन के दौरान नशे की हालत में आरोपी युवक ने हमला किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से बड़ी घटना टल गई। साथ ही पुलिस पर आरोपी को छोड़ने और लोगों को केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया।
स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

