आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्था सुधारने और रिक्त पद भरने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं, रिक्त पदों, पोषण योजनाओं तथा विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों पर 15 से 20 दिनों के भीतर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। स्पष्ट किया गया कि परियोजना स्तर से नियमानुसार अनुशंसा होनी चाहिए तथा चयन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा गया कि रिक्त पदों के कारण बच्चों की शिक्षा और पोषण प्रभावित हो रहा है।
समीक्षा के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में भवन, पेयजल, शौचालय एवं बिजली जैसी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। जर्जर भवनों में केंद्र संचालन नहीं करने तथा जिन केंद्रों में बिजली सुविधा नहीं है वहां शीघ्र कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पोषण वाटिका को सक्रिय बनाने, टीएचआर वितरण, पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड निर्माण में तेजी लाने को कहा गया। साथ ही समाज कल्याण विभाग की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक 15 दिनों में करने का निर्णय लिया गया।

