राष्ट्र संवाद संवाददाता
सिंहभूम कॉलेज चांडिल में शुक्रवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन की ओर से गृह विज्ञान एवं समाजशास्त्र विषय को हटाने तथा वाणिज्य विभाग में एक शिक्षक पद समाप्त करने के विरोध में प्राचार्य के माध्यम से कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भी सौंपा गया।
कॉलेज कमेटी के सचिव राजा प्रमाणिक ने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल अनुमंडल क्षेत्र का एकमात्र अंगीभूत डिग्री कॉलेज है, जहां दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने आते हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों के बीच विद्यार्थी अपनी पढ़ाई जारी रख पाते हैं, लेकिन NEP 2020 के तहत जारी क्लस्टर व्यवस्था में कॉलेज से गृह विज्ञान और समाजशास्त्र विषय की पढ़ाई हटाने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही वाणिज्य विभाग में एक शिक्षक के पद को भी समाप्त करने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि गृह विज्ञान विषय में लगभग 1000 से 1500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि वाणिज्य विषय में स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई होती है। इसके बावजूद शिक्षक पद समाप्त किया जाना छात्रों के हित में नहीं है। वहीं संथाली विषय में पर्याप्त संख्या में विद्यार्थी होने के बावजूद अब तक शिक्षक पद सृजित नहीं किए जाने पर भी चिंता जताई गई।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित विषयों और पदों को यथावत नहीं रखा गया तो छात्र संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
मौके पर युधिष्ठिर प्रमाणिक, अनीता, अफ्सा परवीन, अमित, अजय गोप, बादल सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

